सुबह नींद खुली तो बच्चा गायब, अब ढाई साल के मासूम का शव नदी से बरामद

भागलपुर नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक स्थित महावीर मंदिर परिसर से रहस्यमय ढंग से लापता हुए ढाई वर्षीय मासूम आदित्य कुमार का शव बुधवार सुबह को विदेशी बाबा स्थान के बगल नदी की धार से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 16, 2026, 1:41:00 PM

भागलपुर नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक स्थित महावीर मंदिर परिसर से रहस्यमय ढंग से लापता हुए ढाई वर्षीय मासूम आदित्य कुमार का शव बुधवार सुबह को विदेशी बाबा स्थान के बगल नदी की धार से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए मासूम की निर्मम हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर खून और पानी के नमूने एकत्र किए वहीं डॉग स्क्वाड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

पुलिस आसपास के क्षेत्र की गहन जांच कर रही है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार लालूचक निवासी पांचों मंडल के घर सोमवार को नवजात बेटे की छठी का कार्यक्रम था। घर में अधिक भीड़ होने के कारण वे अपने ढाई वर्षीय बेटे आदित्य कुमार को लेकर पास स्थित महावीर मंदिर परिसर में करीब दो बजे सोने चले गए थे।

सुबह करीब चार बजे उनकी नींद खुली तो बच्चा उनके पास नहीं था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने नाथनगर थाना में अपहरण की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। विदेशी बाबा स्थान के समीप नदी की धार में मासूम का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।

शव की पहचान आदित्य कुमार के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सुलेखा देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। शव बरामद होने के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। पुलिस अपहरण, रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

भागलपुर से अमरजीत की रिपोर्ट