नवगछिया में बनेगा श्री खाटू श्याम का भव्य मंदिर, देवउठनी एकादशी पर होगा भूमि पूजन, निकलेगी शोभायात्रा

श्री श्याम भक्त मंडल न्यास की कार्यकारिणी की बैठक मारवाड़ी विवाह भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में नवगछिया में श्री खाटू श्याम प्रभु के भव्य मंदिर निर्माण एवं भूमि पूजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

नवगछिया (भागलपुर) : श्री श्याम भक्त मंडल न्यास की कार्यकारिणी की बैठक मारवाड़ी विवाह भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में नवगछिया में श्री खाटू श्याम प्रभु के भव्य मंदिर निर्माण एवं भूमि पूजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।मारवाड़ी समाज की लंबे समय से चली आ रही मंदिर निर्माण की भावना अब साकार होने जा रही है। बाबा श्याम की कृपा और समाज के अभिभावकों के स्नेह-आशीर्वाद से मारवाड़ी विवाह भवन के पिछले भाग में मंदिर निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

मंदिर निर्माण के प्रथम चरण में श्याम भक्तों का एक दल दुर्गापूजा की दशमी को राजस्थान के सीकर स्थित श्री खाटू श्याम धाम रवाना होगा

मंदिर निर्माण के प्रथम चरण में श्याम भक्तों का एक दल दुर्गापूजा की दशमी को राजस्थान के सीकर स्थित श्री खाटू श्याम धाम रवाना होगा। वहां एकादशी के दिन आचार्यगण के सान्निध्य में 11 पावन शिलाओं का पूजन किया जाएगा। बारस की पूजा-अर्चना के बाद पूजित शिलाओं को नवगछिया लाया जाएगा। दूसरे चरण में छठ पूजा के बाद देवउठनी एकादशी के अवसर पर मारवाड़ी विवाह भवन परिसर में भव्य भूमि पूजन समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर श्री गोपाल गौशाला से निशान शोभायात्रा निकलेगी, जो नगर भ्रमण करते हुए मंदिर निर्माण स्थल पहुंचेगी। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम में मंडल के संरक्षक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहेंगे। पूजा-अर्चना के पश्चात बाबा श्याम की ज्योत एवं स्थानीय तथा बाहर से आने वाले भजन गायकों द्वारा भजन संध्या आयोजित की जाएगी। 

न्यास ने कहा- यह केवल मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का पावन संकल्प है

न्यास ने कहा कि यह केवल मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का पावन संकल्प है। बाबा श्याम को हारे का सहारा मानने वाले श्याम प्रेमियों के लिए यह अवसर श्रद्धा और उल्लास का ऐतिहासिक क्षण होगा। न्यास ने समाज के सभी लोगों एवं श्याम प्रेमियों से इस पावन मुहिम में सहभागी बनने की अपील की है। 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा।' इस आयोजन को सफल बनाने में मंडल के सभी अधिकारी एवं सदस्यगण अपनी सेवा प्रदान कर रहें है।

नवगछिया से संदीप कुमार की रिपोर्ट