बेगूसराय : महिला के साथ होटल के कमरे में हथियार के बल पर दुष्कर्म, मारपीट और उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी को समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद उसे बेगूसराय लाने के दौरान उसने पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उसे बेगूसराय लाने के दौरान उसने पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर के घुटने में चोट लगी है। फिलहाल आरोपी का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने इससे पहले एक अन्य आरोपी विक्रम कुमार सहनी को बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। विक्रम से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी की तलाश में जुटी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए STF समेत पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय थी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ समेत पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय थी। तकनीकी सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर बाजार में छिपा हुआ है और वहां से बाहर निकलने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर बेगूसराय लौट रही थी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर बेगूसराय लौट रही थी। इसी दौरान सुल्तानपुर के समीप रोहित ने पेशाब करने के लिए वाहन रोकने की बात कही। पुलिस के अनुसार, वाहन की रफ्तार धीमी होते ही आरोपी ने अचानक गाड़ी से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया। इसी दौरान गाड़ी से कूदने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद आरोपी को पहले बछवाड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में उसे बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
महिला से संबंधित वायरल वीडियो के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है - SP मनीष
बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि महिला से संबंधित वायरल वीडियो के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी विक्रम को बेगूसराय शहर से गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी रोहित को समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर से पकड़ा गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी का इलाज कराया जा रहा है। इलाज के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह कहां जाने की तैयारी में था और उसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रोहित ने घटनाक्रम में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
बेगूसराय से अजय कुमार शास्त्री की रिपोर्ट