बिहार के बेगूसराय में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक सड़क हादसे में एक साथ 3 दारोगा की मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बेगूसराय में बीती रात भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन थानाध्यक्ष और एक चालक शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है।
बेगूसराय में बीती रात भीषण सड़क हादसा हुआ। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन थानाध्यक्ष और उनका चालक शामिल है। सभी पुलिस अधिकारी प्रशिक्षण के बाद पटना से लौट रहे थे। मृतकों की पहचान रतवारा थानाध्यक्ष सज्जन कुमार, बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।
बेगूसराय में हुए दर्दनाक हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है। सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है-बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है। दिवंगत आत्माओं की चिर शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूं तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस दुःख की घड़ी में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। ॐ शांति।
तीनों थानाध्यक्ष मधेपुरा जिले में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पास देर रात हुआ, जब पुलिस अधिकारियों की कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। एनएच-31 पर उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि दो थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर व नीरज कुमार, और ड्राइवर नीरज कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडे, ट्रैफिक डीएसपी रंजीत कुमार और बलिया डीएसपी सुबोध कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मनीष कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।