20 लाख की रंगदारी नहीं देने पर घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, करीब 40 गोलियां चलाने का आरोप

बेगूसराय: जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र से रंगदारी मांगने और घर पर हमला कर ताबड़तोड़ गोलीबारी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी।

बेगूसराय: जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र से रंगदारी मांगने और घर पर हमला कर ताबड़तोड़ गोलीबारी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। रकम नहीं देने पर बदमाशों ने उसके घर पर करीब 40 राउंड गोली चलाकर दहशत फैला दी। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना 5 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब तीन बजे की बताई गई है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, पीड़ित विजय कुमार, पिता स्वर्गीय लक्ष्मण राय, वार्ड संख्या-18, पो. पनसल्ला, थाना छौड़ाही, जिला बेगूसराय का निवासी है। विजय कुमार ने बताया कि वह रात में अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान अचानक घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उसके घर के मुख्य दरवाजे की ओर गोली चलानी शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर वह किसी तरह घर के अंदर सुरक्षित रहा। कुछ देर बाद जब घर के अन्य लोग बाहर निकले तो कई लोग हथियार लेकर फायरिंग करते हुए नजर आए। आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी की मांग की।

शिकायत में बताया गया है कि बदमाशों ने धमकी दी कि यदि 20 लाख रुपये नहीं दिए गए तो आने वाले दिनों में घर के सभी लोगों को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित का आरोप है कि बदमाश पहले भी रंगदारी की मांग कर चुके थे और पैसे देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, भागने के दौरान बदमाशों ने सड़क पर एक वाहन खड़ा किया और वहां से सभी दक्षिण दिशा की ओर निकल गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से पुलिस को दो खोखे और एक चप्पल भी बरामद हुई है। आवेदन में कई लोगों के नाम भी आरोपियों के रूप में दिए गए हैं। इनमें भरत यादव, मनीष कुमार सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। हालांकि, आरोपों की पुलिस स्तर से अभी जांच की जा रही है।

घटना ने एक बार फिर जिले में अपराधियों के बढ़ते मनोबल और रंगदारी की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार करती है और गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। 

बेगूसराय से अजय कुमार शास्त्री की रिपोर्ट