बेटी बनी अधिकारी, मां पहुंच गई थाने, अब PCS अफसर ने किया चौंकाने वाला खुलासा

उत्तर प्रदेश की एक महिला अफसर इन दिनों खूब चर्चा में हैं। अपनी ही मां की शिकायत के बाद वह कानूनी घेरे में आ गई हैं। सहारनपुर जिले के हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी के खिलाफ FIR हुई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 03, 2026, 4:03:00 PM

उत्तर प्रदेश की एक महिला अफसर इन दिनों खूब चर्चा में हैं। अपनी ही मां की शिकायत के बाद वह कानूनी घेरे में आ गई हैं। सहारनपुर जिले के हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी के खिलाफ FIR हुई है। फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। यह मुकदमा उनकी मां की शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ है। मामले की जांच डीआईजी सहारनपुर के आदेश पर शुरू कर दी गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी की मां ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सहारनपुर में दर्ज एफआईआर में मां का आरोप है कि उनके बैंक खाते का इस्तेमाल कथित 'काली कमाई' छिपाने,  बिना जानकारी 15 लाख रुपये जमा कराने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की कोशिश की गई।  

हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी के खिलाफ सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र की रहने वाली उनकी मां मुनेश रानी ने अपनी बेटी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।  शिकायत के अनुसार सीमा चौधरी ने कथित तौर पर अपनी काली कमाई के 15 लाख रुपये उनकी जानकारी के बिना उनके बैंक खाते में जमा करा दिए।  मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी संपत्ति से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उन पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए। 

मां मुनेश रानी का कहना है कि बेटी सीमा, मेरे देवर संजीव कुमार चौधरी, देवरानी के पिता राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार ने मिलकर उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची। बेटी ने अपनी 'काली कमाई' छिपाने के लिए बिना अनुमति मेरा बैंक अकाउंट खुलवाया। खाते में 15 लाख रुपए डलवाए। पता चलने पर विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी।

जिस पर सफाई देते हुए हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी ने कहा कि मुझे पता भी नहीं था कि सहारनपुर जिले में FIR हो गई। गुरुवार सुबह न्यूज से जानकारी हुई। देखा तो पता चला कि मेरी मम्मी ने ही मेरे और परिवार के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। पुलिस ने न तो जांच की, न ही सच्चाई जानने की कोशिश की। मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया। मेरा भू-माफिया से कैसे कनेक्शन हो सकता है? मम्मी ने 17 बीघा जमीन देहरादून के व्यक्ति को बेच दी, वही पैसा उनके खाते में आया है।

सीमा चौधरी ने आगे बताया कि हम 4 बहनों में अकेला भाई है, परिवार ने उन्हें पढ़ने के लिए विदेश भेजा। परिवार ने पढ़ाई में पैसा खर्च किया। मम्मी ने कहा-मुझे बेटे को और पैसे देने हैं, हमने कहा- अभी तक जितना पैसा दिया है, वह बहुत ज्यादा दिया है। उस पैसे का पता नहीं क्या हुआ। एक बार आप विदेश जाकर देख भी आएं। एमबीए की पढ़ाई में इतना खर्चा नहीं होता। इस पर मम्मी कहने लगीं कि मैं तो जमीन बेचकर बेटे को पैसा दे दूंगी। यहीं से विवाद खड़ा होने लगा। मम्मी ने चोरी छिपे जमीन बहुत सस्ते दामों पर बेच दी।

वहीं पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सहारनपुर सीओ नकुड़ पवन कुमार ने बताया क‍ि एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था, जिसकी प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। फ़िलहाल मामले की जांच जारी है।