टेक इंडस्ट्री ने की बजट 2027-28 में AI ट्रांसफॉर्मेशन फंड और कर सुधारों की मांग

टेक इंडस्ट्री के संगठन नैसकॉम ने सरकार से केंद्रीय बजट 2027-28 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित बदलाव, साइबर सुरक्षा, कर व्यवस्था में स्पष्टता और औपचारिक रोजगार सृजन को प्रमुख प्राथमिकता बनाने की अपील की है।

नई दिल्ली : टेक इंडस्ट्री के संगठन नैसकॉम ने सरकार से केंद्रीय बजट 2027-28 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित बदलाव, साइबर सुरक्षा, कर व्यवस्था में स्पष्टता और औपचारिक रोजगार सृजन को प्रमुख प्राथमिकता बनाने की अपील की है। बजट से पहले दिए गए अपने सुझावों में उद्योग संगठन ने कहा कि एआई जिस तेजी से टेक्नोलॉजी की मांग, कारोबारी मॉडल और रोजगार को बदल रहा है, उसे देखते हुए भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करनी होगी।

नीतिगत सुधारों के अगले चरण में बजट 2026-27 में घोषित ट्रांसफर प्राइसिंग उपायों को आगे बढ़ाते हुए टेक्नोलॉजी इनोवेशन, कार्यबल में बदलाव व GCC के विकास को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया जाना चाहिए - नैसकॉम

नैसकॉम ने कहा कि नीतिगत सुधारों के अगले चरण में बजट 2026-27 में घोषित ट्रांसफर प्राइसिंग उपायों को आगे बढ़ाते हुए टेक्नोलॉजी इनोवेशन, कार्यबल में बदलाव और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC) के विकास को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उद्योग संगठन ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वित्त मंत्रालय की संयुक्त रूप से तैयार की जाने वाली तीन साल की शुरुआती अवधि वाली एआई सेवा परिवर्तन एवं नवाचार योजना शुरू करने का प्रस्ताव दिया है।

प्रस्तावित योजना के तहत एआई आधारित उत्पादों और सेवाओं के विकास एवं व्यावसायीकरण को समर्थन दिया जाएगा

प्रस्तावित योजना के तहत एआई आधारित उत्पादों और सेवाओं के विकास एवं व्यावसायीकरण को समर्थन दिया जाएगा। साथ ही, टेक्नोलॉजी कंपनियों को उभरती एआई आधारित भूमिकाओं के लिए अपने कर्मचारियों को दोबारा प्रशिक्षित करने में मदद मिलेगी। टेक उद्योग ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए एक समर्पित साइबर सुरक्षा कार्यक्रम को भी सरकारी समर्थन देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि छोटी कंपनियां तेजी से ग्लोबल टेक्नोलॉजी डिलीवरी नेटवर्क का हिस्सा बन रही हैं, ऐसे में उनकी साइबर सुरक्षा क्षमता मजबूत करना बेहद जरूरी है। कर के मोर्चे पर संगठन ने भारत के तेजी से बढ़ते जीसीसी इकोसिस्टम में विदेशी विशेषज्ञों, कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति और वैश्विक नेतृत्व वाली भूमिकाओं पर कर व्यवस्था को लेकर अधिक स्पष्टता की मांग की है। उद्योग संगठन ने ऐसे सुरक्षा उपायों की सिफारिश की है, जिससे विदेशों से आने वाले कर्मचारियों की अस्थायी यात्राओं और सीमा पार प्रबंधकीय जिम्मेदारियों के कारण स्वतः स्थायी प्रतिष्ठान से जुड़े कर विवाद पैदा न हों। प्रतिभाओं को बनाए रखने और संपत्ति सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए नैसकॉम ने गैर-सूचीबद्ध कंपनियों में कर्मचारी स्टॉक ओनरशिप प्लान (ESOP) के कराधान में सुधार का प्रस्ताव दिया है। 

संगठन ने रोजगार से जुड़े कर कटौती लाभों के लिए वेतन पात्रता सीमा को मौजूदा 25 हजार प्रति माह से बढ़ाकर एक लाख रुपए प्रति माह करने की भी सिफारिश की है

नैसकॉम ने यह भी सुझाव दिया कि कर्मचारियों को शेयर आवंटित किए जाने के समय कर लगाने के बजाय शेयरों की बिक्री, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने या एक निर्धारित अवधि पूरी होने तक कर भुगतान टाल दिया जाना चाहिए। संगठन ने रोजगार से जुड़े कर कटौती लाभों के लिए वेतन पात्रता सीमा को मौजूदा 25 हजार रुपए प्रति माह से बढ़ाकर एक लाख रुपए प्रति माह करने की भी सिफारिश की है। इसे प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत निर्धारित वेतन सीमा के अनुरूप करने का सुझाव दिया गया है।

इन उपायों से एआई को अपनाने की प्रक्रिया तेज होगी - टेक उद्योग

इसके अलावा, नैसकॉम ने पात्र कॉरपोरेट पुनर्गठन, जिसमें विलय और फास्ट-ट्रैक डीमर्जर शामिल हैं, के लिए कर-तटस्थ व्यवस्था की मांग की है। संगठन ने अपील, रिफंड और कर भुगतान पर रोक से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाकर कर विवादों का तेजी से समाधान करने का भी आग्रह किया है। टेक उद्योग के अनुसार, इन उपायों से एआई को अपनाने की प्रक्रिया तेज होगी, औपचारिक रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, वैश्विक निवेश आकर्षित होगा और भारत को एक प्रमुख प्रौद्योगिकी एवं नवाचार केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।

सोर्स-आईएएनएस