संजय झा ने कहा- बिहार म्यूजियम से महिला सशक्तिकरण तक, नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यों ने बदली प्रदेश की पहचान
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके काम का असर आज बिहार की बदली हुई पहचान में साफ दिखाई देता है।

पटना : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके काम का असर आज बिहार की बदली हुई पहचान में साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बिहार म्यूजियम से लेकर महिला सशक्तिकरण तक, नीतीश कुमार के विचार और दूरदर्शी सोच ने राज्य को नई पहचान दिलाई है।
जदयू सांसद संजय झा ने कहा- बिहार म्यूजियम इसका एक बड़ा उदाहरण है
संजय झा ने कहा कि बिहार म्यूजियम इसका एक बड़ा उदाहरण है। इसे दुनिया के शीर्ष 100 म्यूजियमों में शामिल होने का सम्मान मिला है। यह एशिया का नंबर वन म्यूजियम है और इसके सामने जापान और चीन के म्यूजियम भी नहीं ठहरते। देश में भी यह अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े और प्रतिष्ठित म्यूजियम की कल्पना किसने की और इसके निर्माण का विचार किसके मन में आया?
झा ने कहा- म्यूजियम का निर्माण करना एक बात है, लेकिन उसका बेहतर संचालन और प्रबंधन करना दूसरी बात है
उन्होंने कहा कि म्यूजियम का निर्माण करना एक बात है, लेकिन उसका बेहतर संचालन और प्रबंधन करना दूसरी बात है। आज बिहार म्यूजियम ने पूरी दुनिया में अपनी ख्याति स्थापित की है। आने वाले समय में इसे देखने के लिए दुनिया भर से पर्यटकों का बड़ी संख्या में आगमन शुरू होगा। जदयू नेता ने कहा कि बिहार का कभी स्वर्णिम इतिहास रहा है। मौर्य और गुप्त काल में पाटलिपुत्र देश की राजधानी थी और यहीं से देश-दुनिया पर शासन संचालित होता था। लेकिन, बाद के वर्षों में बिहार की स्थिति ऐसी हो गई थी कि लोगों को खुद को बिहारी कहने में भी शर्म महसूस होती थी। लोग अपनी पहचान छिपाकर उत्तर प्रदेश या इलाहाबाद का निवासी बताना पसंद करते थे।
बिहारवासियों की इस स्थिति को बदलने का काम नीतीश कुमार ने किया - JDU MP
उन्होंने कहा कि बिहारवासियों की इस स्थिति को बदलने का काम नीतीश कुमार ने किया। बिहार म्यूजियम तो केवल एक उदाहरण है। ऐसे हजारों काम पिछले 20 वर्षों में हुए हैं। संजय झा ने महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में हुए बदलावों को समझने के लिए केवल भाषणबाजी नहीं, बल्कि वास्तविक शोध और जमीनी अध्ययन की जरूरत है। पिछले 20 वर्षों में कितनी लड़कियां स्कूल पहुंचीं, कितनी महिलाएं नौकरियों में आईं, कितनी महिलाएं पंचायतों में मुखिया और जिला परिषद सदस्य बनीं व जीविका दीदियों के माध्यम से लगभग दो करोड़ महिलाएं आजीविका से जुड़कर काम कर रही हैं, इन सभी पहलुओं का अध्ययन किया जाना चाहिए।
संजय झा ने कहा- यह बदलाव नीतीश कुमार के विचार और उनकी सोच का परिणाम है
उन्होंने कहा कि यह बदलाव नीतीश कुमार के विचार और उनकी सोच का परिणाम है। राजनीति में नेता आते-जाते रहेंगे, लेकिन सुशासन की अवधारणा महत्वपूर्ण है। इसी को लेकर पार्टी सुशासन दिवस मनाती है। 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के बिहार का मुख्यमंत्री बनने के साथ ही राज्य में सुशासन की स्थापना की शुरुआत हुई थी।
सोर्स-आईएएनएस














