RJD में बड़ी टूट का दावा, 15-16 विधायक कभी भी छोड़ सकते हैं पार्टी, मची खलबली
मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल यानि राजद में बड़ी टूट होने जा रही है क्या ? बीजेपी ने राजद पर बड़ा हमला बोला है। आरजेडी से निकलकर बीजेपी में पहुंचे मृत्युंजय तिवारी ने राजद के विधायकों में बड़ी टूट का दावा किया है।

क्या बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ सकता हैं? मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल यानि राजद में बड़ी टूट होने जा रही है क्या ? बीजेपी ने राजद पर बड़ा हमला बोला है। आरजेडी से निकलकर बीजेपी में पहुंचे मृत्युंजय तिवारी ने राजद के विधायकों में बड़ी टूट का दावा किया है। बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने यहां तक कहा है कि आरजेडी इस वक्त पूरी तरह खत्म होने के कगार पर खड़ी है।
मृत्युंजय तिवारी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आरजेडी के विधायकों में भारी असंतोष है और पार्टी के 15 से 16 विधायक कभी भी पाला बदल सकते हैं, जिससे आरजेडी के भीतर एक बड़ी टूट तय मानी जा रही है। दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के 25 विधायक जीते हैं। अब मृत्युंजय तिवारी का कहना है कि आरजेडी के 15 से 16 विधायक कभी भी पार्टी छोड़ सकते हैं।
हालांकि इससे पहले भी बीजेपी नेताओं की ओर से आरजेडी विधायकों के संपर्क में होने के दावे सामने आते रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री और BJP नेता रामकृपाल यादव ने आरजेडी के सभी 25 विधायकों के बीजेपी के संपर्क में होने का दावा किया था। साथ ही मृत्युंजय तिवारी ने राजद के चुनावी समीकरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले दो विधानसभा चुनावों में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने RJD के मुस्लिम वोटों के समीकरण को प्रभावित किया है।
बता दें कि मृत्युंजय तिवारी ने बीते जुलाई में राजद से इस्तीफा देते हुए नेतृत्व पर उपेक्षा और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। वो लंबे समय तक आरजेडी के प्रमुख प्रवक्ता रहे हैं। इस्तीफा देने के कुछ दिन बाद वह भाजपा में शामिल हो गए। बीजेपी में शामिल होने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने राजद पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि पार्टी के पास अब न नीति है, न नेतृत्व और न ही ऐसा नेता जिसके भरोसे कार्यकर्ता पार्टी में टिके रहें। ऐसे माहौल में कोई भी विधायक या कार्यकर्ता आरजेडी में क्यों रहना चाहेगा।











