मुजफ्फरपुर अग्निकांड में स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर भड़की RJD, अस्पताल नहीं दिल्ली निकल गए निशांत, 5 लोगों की मौत पर घमासान
मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बिना कुछ बोले पटना एयरपोर्ट से अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसको लेकर राजद ने निशांत कुमार पर निशाना साधा है और स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
बिहार के मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल स्थित आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं। वहीं इस बड़े हादसे के बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बिना कुछ बोले पटना एयरपोर्ट से अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। संजय झा भी उनके साथ थे। संजय झा भी पत्रकारों के सवाल पर चुप्पी साधते हुए आगे बढ़ गए। इसको लेकर राजद ने निशांत कुमार पर निशाना साधा है और स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
मुजफ्फरपुर अग्निकांड को राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने दुखद बताया है और सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों पर सरकार को संवेदनशील होना चाहिए। इसमें जो भी लोग दोषी हैं उनपर कार्रवाई होनी चाहिए कि आखिर किसकी गलती के कारण ऐसी घटना हुई। स्वास्थ्य मंत्री से जब इसपर सवाल पूछा जाता है तो वो चुप्पी साध लेते हैं। ये संवेदहीनता की प्रकाष्ठा है।
राजद प्रवक्ता ने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस विभाग के वो मंत्री हैं उनको संवेदना के रूप में दो शब्द कहना चाहिए था। पांच लोगों की जान गई है और यह मामला स्वास्थ्य विभाग से संबंधित है। अगर सरकार के मंत्री इस तरह की घटना पर चुप रह जाते हैं तो यह पता चलता है कि सरकार में किस तरह की संवेदनहीनता है। राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह अनुभवहीनता भी है। जो भी इंसान थोड़ा सा भी संवेदनशील होगा तो वो इसपर दुख तो प्रकट करेगा। ये दुखद घटना है और जांच होगी यह भी उन्होंने नहीं कहा। जांच होगी और कार्रवाई होगी यह कौन कहेगा?
वहीं इस पूरे मामले पर जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने बाद में सफाई भी दी है। अभिषेक झा ने कहा कि निशांत पूरे बिहार को लेकर काफी संजीदा है। हम सभी इससे बहुत मर्माहत हैं। निश्चित तौर से तफ्तीश होगी और फिर यहीं निशांत आपको नजर आएंगे आगे की कार्रवाई करते हुए। किसी मंत्री के संबोधन मात्र से जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती है। मंत्री इस मामले को लेकर काफी संजीदा हैं।
इससे पहले सीएम सम्राट चौधरी ने इस हादसे पर दुख जताया है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हादसे में घायल हुए लोगों के त्वरित व समुचित उपचार के लिए सदर अस्पतालों में पुख्ता व्यवस्था की गई है।
बता दें कि मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में सुबह करीब 3 बजे आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस हादसे में अब तक 20 से ज्यादा मरीजों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि इस घटना में 20 से ज़्यादा मरीज घायल हुए हैं और उन्हें सुरक्षित रूप से इमारत से बाहर निकाल लिया गया है। कई गंभीर रूप से बीमार मरीज़ों को पास के अस्पतालों में शिफ़्ट कर दिया गया है। इन मरीजों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है और ऐसे में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ सकता है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।