बेटी की शादी में जुट गए हैं अनंत सिंह, PM, नीतीश व लालू समेत कई नेताओं को देंगे निमंत्रण
मोकामा से जनता दल यूनाइटेड के बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी का निमंत्रण देने में लगे हुए हैं। बेटी की शादी 25 नवंबर को है। अनंत सिंह ने कहा कि बेटी की शादी में हिंदुस्तान-पाकिस्तान, जहां से भी लोग आना चाहें, आएं।

पटना : मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी का निमंत्रण देने में लगे हुए हैं। बेटी की शादी 25 नवंबर को है। अनंत सिंह मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बेटी की शादी में हिंदुस्तान-पाकिस्तान, जहां से भी लोग आना चाहें, आएं। साथ ही अनंत सिंह ने बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड दिखाया। उन्होंने कहा कि हर जगह जाकर दोस्तों और यारों को न्योता देंगे।
अनंत सिंह कई बड़ी हस्तियों को देंगे निमंत्रण
जदयू विधायक अनंत कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत सभी नेताओं को निमंत्रण देंगे। साथ ही अभिनेता सोनू सूद, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, मैथिली लोक गायिका व विधायक मैथिली ठाकुर, भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और भोजपुरी अभिनेता व बीजेपी एमएलसी पवन सिंह समेत तीन दर्जन बॉलीवुड कलाकारों के आने की बात कही है। अनंत सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शादी का न्योता देंगे।
शादी में 4 लाख लोगों के खाने की तैयारी की गई है - अनंत सिंह
वहीं अनंत सिंह के गांव में बेटी की शादी का भव्य मंडप सजेगा। अनंत सिंह बेटी की शादी में घुड़सवारी और भव्य इंतजाम कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को निमंत्रण दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि शादी में चार लाख लोगों के खाने की तैयारी की गई है। 25 नवंबर 2026 को उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा) में शाही शादी होने जा रही है।
पवन सिंह से लेकर अक्षरा तक को बुलाया गया
रविवार को जानकारी दी गई कि शादी के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भोजपुरी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकार शामिल होंगे। इनमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह, रवि किशन और मनोज तिवारी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा अरविंद अकेला कल्लू, शिल्पी राज, अनुपमा यादव, करीना पांडेय और हेमा पांडेय को भी बुलाया गया है। इनके अलावा भी और भी कई भोजपुरी कलाकार पहुंचेंगे। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और मशहूर गायक उदित नारायण के भी शादी में शामिल होने की चर्चा है। फिल्म 'धुरंधर' से जुड़ी आयशा खान का नाम भी मेहमानों की लिस्ट में है। बताया गया कि शादी में तीन दर्जन से अधिक कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
दुबई से भी बुलाए जा रहे मॉडल
शादी को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खास तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दुबई से कई मॉडल्स को भी बुलाया गया है। गांव लदमा में होने वाला यह आयोजन भव्य स्तर पर किया जा रहा है। मेहमानों की सूची में फिल्मी सितारों, गायकों, नेताओं और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों के नाम चर्चा में हैं। अब सबकी नजरें 25 नवंबर पर टिकी हैं।











