झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी, 6 से 8 जनवरी तक राज्य के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित
झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी, 6 से 8 जनवरी तक राज्य के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित
राज्य में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत 6 जनवरी से 8 जनवरी तक प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
इस अवधि में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए किसी भी प्रकार की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। यह निर्देश सरकारी, अनुदानित, गैर-अनुदानित, अल्पसंख्यक तथा सभी निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
हालांकि, सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी तय समय पर विद्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। इस दौरान वे शैक्षणिक कार्यों के बजाय अन्य प्रशासनिक या गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
वहीं, यदि किसी विद्यालय में इस समयावधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो उसके आयोजन या स्थगन को लेकर संबंधित सक्षम प्राधिकारी को आवश्यक निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है।