गुमला : 24 घंटे के भीतर चार श*व मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
गुमला : 24 घंटे के भीतर चार श*व मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
गुमला जिले में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आई चार मौतों की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इनमें दो महिलाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जबकि एक महिला और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजते हुए प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच शुरू कर दी है।
बिशुनपुर थाना क्षेत्र के हेलसा अंबाटोली गांव में 35 वर्षीय नीलू देवी का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेतों में कृषि कार्य में लगे हुए थे। घर लौटने पर नीलू देवी को दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसी तरह गुमला थाना क्षेत्र के कोटाम पतगच्छा गांव में 40 वर्षीय रतई देवी का शव अरंडी के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं पालकोट थाना क्षेत्र के तपकरा नवाटोली गांव में 30 वर्षीय सुकरी कुमारी की मौत भी चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि, परिजन और कुछ ग्रामीण इस मौत को सामान्य नहीं मान रहे हैं और हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
चौथा मामला बसिया थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। शव पर चोट के निशान पाए जाने के कारण मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को सदर अस्पताल के शीतगृह में 72 घंटे तक सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है, ताकि पहचान होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
चारों घटनाओं के संबंध में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।