जामताड़ा में विश्वकर्मा पूजा की धूम, तो नाला के आमलाजोड़ा में धूमधाम से हुई मां मनसा की पूजा
जामताड़ा जिले में शुक्रवार को आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिला।

जामताड़ा जिले में शुक्रवार को आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिला। एक तरफ पूरे जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम से हुई, तो वहीं दूसरी तरफ बगा पंचमी के पावन अवसर पर नाला प्रखंड के आमलाजोड़ा गांव में मां मनसा की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
शहर से लेकर गांव तक दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा पंडालों, गैराज, वर्कशॉप, विद्युत पावर उपकेंद्र और बस स्टैंड सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा की गई। कारीगरों, व्यापारियों और श्रमिकों ने अपने वाहन, मशीन और औजारों को धो-पोंछ कर पूजा की तथा व्यवसाय में तरक्की, सुरक्षा और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इधर, बगा पंचमी के अवसर पर नाला प्रखंड के आमलाजोड़ा गांव में मां मनसा देवी की पूजा बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। मंदिर परिसर में मां की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। मान्यता है कि नागों की देवी मां मनसा की पूजा से सर्प भय से मुक्ति मिलती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। पूजा के उपरांत भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट










