वोट चोर गद्दी छोड़ के नारों के साथ नाला में इंडिया गठबंधन का आक्रोश प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला
नाला के बजरंगबली चौक पर इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इससे पूर्व पीडब्ल्यूडी प्रांगण से एक पैदल आक्रोश रैली निकाली गई।

जामताड़ा : नाला के बजरंगबली चौक पर इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इससे पूर्व पीडब्ल्यूडी प्रांगण से एक पैदल आक्रोश रैली निकाली गई, जो पूरे नाला बाजार का भ्रमण करते हुए बजरंगबली चौक पर समाप्त हुई। रैली में कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआईएम (माले) के नेता संयुक्त रूप से शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के जमकर नारे लगाए।
मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और वोट का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है - वक्ता
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और वोट का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। एसआईआर के नाम पर आदिवासी, मूलवासी और स्थानीय लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा रहा है, जिससे स्थानीय होने के बावजूद उनकी नागरिकता खतरे में पड़ गई है। नेताओं ने कहा कि जिस तरह बंगाल चुनाव में भाजपा के इशारे पर खेल हुआ, वहीं झारखंड में दोहराने की कोशिश हो रही है, इसलिए ज्ञानेश कुमार को अविलंब पद से हटाया जाए।
वोट की लूट के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी
मौके पर कांग्रेस के विधानसभा प्रभारी प्रभु मंडल में ने कहा कि युवा अब जाग चुका है। वोट की लूट के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी। ज्ञानेश कुमार का मनमानी हम नहीं चलने देंगे, जरूरत पड़े तो सड़क से सदन तक हम लोग आंदोलन करने के लिए तैयार है। इस दौरान कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष समर माजी ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। एसआईआर के बहाने गरीब, आदिवासी और मूलवासी मतदाताओं को डराकर उनका नाम काटा जा रहा है, यह लोकतंत्र पर हमला है।
आज चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा - चंडी दास पुरी
सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता चंडी दास पुरी ने कहा कि आज चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा। वह केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। वोट की चोरी कर भाजपा को जिताने की साजिश हो रही है, जिसे हम कभी सफल नहीं होने देंगे। सीपीआई के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कन्हाई चंद्र मालपहाड़िया ने कहा कि मतदाता सूची से नाम काटना सोची-समझी साजिश है। भाजपा आदिवासियों के हक को छीनना चाहती है। मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट













