EOU की कार्रवाई जारी, कार्यपालक अभियंता के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के पटना, मुजफ्फरपुर, मुंगेर और भागलपुर स्थित पांच ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आज यानी आठ अक्टूबर को बड़ी छापेमारी की है।

पटना : बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के पटना, मुजफ्फरपुर, मुंगेर और भागलपुर स्थित पांच ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आज यानी आठ अक्टूबर को बड़ी छापेमारी की है। आय से 83.53 लाख रुपए अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। ईओयू बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ सात अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार कानून की धाराओं के तहत केस नंबर 28/26 दर्ज हुआ। जांच में उनके पास वैध आय से 83,53,200 रुपए की अधिक संपत्ति मिली, जो कानूनी आय से करीब 64.93 प्रतिशत ज्यादा है।
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के मुजफ्फरपुर के घर से 50 लाख कैश बरामद
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के मुजफ्फरपुर के घर से 50 लाख कैश बरामद किया गया है। तलाशी के दौरान आर्थिक अपराध इकाई की टीमें संपत्ति और आय से जुड़े दस्तावेजों के साथ-साथ बैंक खातों, निवेश, जमीन-मकान से संबंधित कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। हालांकि, पुलिस मुख्यालय की ओर से अभी तक तलाशी के दौरान किसी खास दस्तावेज, नकदी, आभूषण या अन्य सामान की बरामदगी का विस्तृत ब्योरा जारी नहीं किया गया है।

छापेमारी के दौरान मकान के बाहर सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती
सूत्रों की मानें को छापेमारी में भारी मात्रा में जेवरात बरामद हुए हैं, जिसके बाद लोकल पुलिस एक जेवरात दुकानदार को इलेक्ट्रिक तराजू के साथ घर में लेकर गई है। छापेमारी के दौरान मकान के बाहर सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है।













