एसआईआर के तहत विशेष सुनवाई शिविर आयोजित, दस्तावेजों की हुई जांच
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शुक्रवार को नाला प्रखंड क्षेत्र के दलाबड़ पंचायत सभागार में नो-मैपिंग मतदाताओं के लिए विशेष सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया।

जामताड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शुक्रवार को नाला प्रखंड क्षेत्र के दलाबड़ पंचायत सभागार में नो-मैपिंग मतदाताओं के लिए विशेष सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डीपीआरओ पंकज कुमार रवि की देखरेख में पेशकार टीम द्वारा नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावे-आपत्तियों की सुनवाई की गई और उनके दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया।
जानकारी के अनुसार बूथ संख्या 271 के 102, बूथ संख्या 272 के 75 और बूथ संख्या 273 के 83 मतदाताओं को नो-मैपिंग के कारण नोटिस जारी किया गया था। शिविर में कुल 260 मतदाताओं ने उपस्थित होकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी दस्तावेजों का जन्मतिथि और अभिलेखों से मिलान कर सत्यापन किया गया। सत्यापन के लिए आयोग द्वारा निर्धारित 11 मानक दस्तावेजों को आधार बनाया गया, जिनमें जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, वंशावली, आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतियान/खजाना पर्चा सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं।
शिविर के दौरान पेशकार टीम ने प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके कागजातों की जांच की और एसआईआर प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संतोष कुमार जामताड़ा।










