कुंडहित को मिली 2 सौगातें, स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने किया शिलान्यास
जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के मोड़ समीप बुधवार को विकास की दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास हुआ।

जामताड़ा : जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के मोड़ समीप बुधवार को विकास की दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास हुआ। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने 1000 एमटी क्षमता वाले गोदाम के निर्माण कार्य और अनुसूचित जनजाति आवासीय बालिका उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कुंडहित में जी+2 मॉडल के छह अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने नारियल फोड़कर व शिलापट्ट का अनावरण कर दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया।
बालिका विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से आदिवासी छात्राओं को होगी सहुलियत - विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो
विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि 1000 एमटी क्षमता वाले गोदाम के बन जाने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज के भंडारण में काफी सहूलियत मिलेगी और बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी। वहीं बालिका विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से आदिवासी छात्राओं के लिए पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था, हॉस्टल सुविधा और शैक्षणिक माहौल का विस्तार होगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि कुंडहित सहित पूरे नाला विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम गांव तक विकास पहुंचे - विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम गांव तक विकास पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह अतिरिक्त कक्ष बनने से हमारी आदिवासी बच्चियों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा, यहीं उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। वहीं गोदाम बनने से किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। हम घोषणा नहीं, धरातल पर काम करने में विश्वास रखते हैं। नाला विधानसभा को मॉडल विधानसभा बनाना हमारा लक्ष्य है।मौके पर प्रशासन के अधिकारी डीपीआरओ जामताड़ा पंकज कुमार रवि व आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज के अलावा विद्यालय प्रबंधन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट













