रंका सीएचसी में एक्स-रे केंद्र का उद्घाटन, अब स्थानीय स्तर पर होगी जांच: डॉ असजद अंसारी
गढ़वा:-रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दशहरा के पावन अवसर पर एक्स-रे केंद्र का उद्घाटन किया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

गढ़वा:-रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दशहरा के पावन अवसर पर एक्स-रे केंद्र का उद्घाटन किया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से रंका सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
अब मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए गढ़वा सदर अस्पताल या दूर स्थित निजी जांच केंद्रों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों का समय और आने-जाने का खर्च भी बचेगा।
उद्घाटन के अवसर पर डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि उनका उद्देश्य रंका अनुमंडल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति को जांच और इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अस्पताल में जल्द ही अल्ट्रासाउंड और ब्लड बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इन सुविधाओं के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी और उन्हें छोटी-बड़ी जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
एक्स-रे केंद्र की शुरुआत को रंका क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषकर ग्रामीण इलाकों के मरीजों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से समय पर बीमारी की पहचान और उपचार में भी मदद मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में डॉ. सोनल सागर, डॉ. सोनम प्रिया, डॉ. सुष्मिता सिंह, डॉ. हर्षिता सिंह, प्रधान सहायक ललन सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
गढ़वा से अभय तिवारी की रिपोर्ट













