वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी खान कोलकाता से गिरफ्तार, पुलिस ने कराया पैदल परेड
धनबाद: जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाई है।

धनबाद: जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाई है। बैंक मोड़ थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने बंटी खान को पैदल परेड कराया। इस दौरान धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब भी बैंक मोड़ थाना पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, बंटी खान से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पूछताछ में उसने ऐसे कई ठिकानों के बारे में बताया है, जहां कथित तौर पर अपराध की योजनाएं बनाई जाती थीं और संदिग्ध सामान छिपाकर रखा जाता था।
एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, बंटी खान ने पूछताछ में कई स्थानीय अपराधियों के नाम भी बताए हैं। इनमें झरिया इलाके से जुड़े कुछ ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं, जिन पर धमकी और वसूली जैसी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह है।
पुलिस अब बंटी खान द्वारा बताए गए संभावित हाइडआउट और अन्य ठिकानों को चिन्हित कर वहां कार्रवाई कर रही है। पुलिस को मिले कुछ दस्तावेजों के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि क्या बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था।
बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। उसके बताए ठिकानों को चिन्हित कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। कई नए नाम भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस बंटी खान को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी में है। जेल भेजे जाने के बाद पुलिस कोर्ट से अनुमति लेकर उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और आगे की कार्रवाई में प्रिंस खान गैंग से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट










