विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में दर्दनाक हादसा, गिरने से चालक की मौत, मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर शव रख किया प्रदर्शन
धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्य के दौरान एक होलपैक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में होलपैक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्य के दौरान एक होलपैक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में होलपैक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ललन नुनिया के रूप में बताई जा रही है। वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर के रहने वाले थे और वर्तमान में धनबाद के भूली इलाके में रह रहे थे।
हादसे की सूचना के बाद यूनियन के कर्मियों ने शव को मौके पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया
हादसे की सूचना के बाद शनिवार की सुबह यूनियन के कर्मियों ने शव को मौके पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यूनियन नेताओं और कर्मियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त सेफ्टी उपकरण और सुरक्षा इंतजाम के मजदूरों से काम कराया जा रहा है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और कॉरपोरेट इंश्योरेंस के तहत एक करोड़ रुपए की सहायता देने की मांग की।
घटना को लेकर प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया
साथ ही आश्रित के बेटे की पढ़ाई और योग्यता के अनुसार, तत्काल नियोजन देने की मांग भी रखी गई। यूनियन कर्मियों का कहना है कि जबतक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और नियोजन सहित अन्य मांगों पर प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक विरोध जारी रहेगा। वहीं, घटना को लेकर प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक प्रबंधक की ओर से किसी प्रकार का आधिकारिक बयान नहीं मिल सका है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और यूनियन कर्मी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट










