रामगढ़ जेल में बंद अपराधी के कहने पर रेकी कर हत्या का प्लान, बैंक मोड़ और भुली पुलिस ने दबोचा
धनबाद कोर्ट में कार्यरत झरिया निवासी जावेद वकील की हत्या की योजना बना रहे ईस्ट बसुरिया के आसिफ आलम नाम के अपराधी को पुलिस ने बीती रात भुली ओपी क्षेत्र से दबोच लिया।

धनबाद : धनबाद कोर्ट में कार्यरत झरिया निवासी जावेद वकील की हत्या की योजना बना रहे ईस्ट बसुरिया के आसिफ आलम नाम के अपराधी को पुलिस ने बीती रात भुली ओपी क्षेत्र से दबोच लिया। आसिफ अपने तीन और साथियों के साथ दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर घटना को अंजाम देने जा रहा था।
पुलिस की कार्रवाई में तीन अपराधी भागने में कामयाब रहे और आसिफ पकड़ा गया, जिसके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ मोबाइल फोन भी बरामद किया है। जिसमें जावेद वकील के घर और उसकी तस्वीर के साथ-साथ रेकी कर पूरा विवरण जुटाया गया था।
पकड़ा गया अपराधी पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुका है। जेल में ही आसिफ की मुलाकात मुथूट फाइनेंस डकैती कांड में बंद अपराधी से हुई थी। जावेद वकील द्वारा मोटी रकम लेकर अपराधी की मदद नहीं करने को लेकर हत्या की योजना बनाई गई थी। फिलहाल पुलिस द्वारा जावेद वकील से भी मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट










