रोजगार मेले में बहार, 1976 पदों पर भर्ती, चयनित युवाओं को मिला ऑफर लेटर
धनबाद जिले के नियोजनालय भवन में बुधवार को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 19 निजी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए और कुल 1976 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर भी सौंपे गए।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे। विभिन्न निजी कंपनियों ने अपनी जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और योग्य उम्मीदवारों का चयन किया। कुल 1976 रिक्त पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया आयोजित की गई, जिनमें 760 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला श्रम अधिकारी प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं और निजी कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट
Trending News