कचरे से तालाब बना खेल मैदान, घरों से निकलना मुश्किल, शादी-विवाह पर भी संकट
बोकारो जिले के चास प्रखंड अंतर्गत रीतुडीह पंचायत इन दिनों गंदगी और कचरा निस्तारण की समस्या से जूझ रहा है। पंचायत का खेल मैदान कचरे और जलभराव के कारण तालाब का रूप ले चुका है। चारों ओर कचरे का अंबार दिखाई देता है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब का गंदा पानी कई घरों में घुस जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो गई है। बदबू, मच्छरों और गंदगी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस बदहाल माहौल के कारण कई परिवारों के शादी-विवाह के रिश्ते भी प्रभावित हुए हैं। यानी इस जगह पर कोई भी अपनी बेटी की शादी नहीं करना चाहता है।
लोगों की मांग है कि पंचायत प्रशासन तत्काल कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था करे, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्र की सफाई कराए तथा जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Trending News