विकास की आस को लेकर धनबाद विकास मंच का महाधरना, बारिश में भी डटे रहे नेता, कार्यकर्ता
कोयलांचल के समग्र विकास की मांग को लेकर बुधवार को धनबाद विकास मंच के बैनर तले रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर डटे रहे। खास बात यह रही कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर धनबाद के विकास के मुद्दे पर एक मंच पर नजर आए।
महाधरना में मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि धनबाद को अब केवल कोयला आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता के माध्यम से पूर्वी एशियाई देशों से व्यापारिक संबंध मजबूत करने, शहर के आसपास सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने और आईटी व एआई आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया, ताकि स्थानीय युवाओं को जिले में ही रोजगार मिल सके। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि यह किसी दल का नहीं बल्कि पूरे धनबाद की जनता के अधिकारों का आंदोलन है। उन्होंने एयरपोर्ट, नई ट्रेनों और अन्य केंद्रीय परियोजनाओं की मांग को संसद तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। साथ ही खनन क्षेत्र में भू-धंसान और विस्थापन जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सभी पक्षों के साथ व्यापक सेमिनार आयोजित करने की बात कही।
सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि धनबाद के लोगों को पढ़ाई, दवाई और कमाई के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। उन्होंने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, एयरपोर्ट और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साझा प्रयास से ही धनबाद का समग्र विकास संभव है। उन्होंने बीसीसीएल, रेलवे और जिला प्रशासन के बीच नियमित समन्वय बैठक की जरूरत बताई।
धरना में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि देश को सर्वाधिक राजस्व देने वाले जिलों में शामिल होने के बावजूद धनबाद आज भी एयरपोर्ट, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं, बेहतर रेल संपर्क और मजबूत आधारभूत संरचना जैसी मूलभूत जरूरतों से वंचित है। सभी ने केंद्र और राज्य सरकार से इन लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। बारिश के बीच भी लोगों का उत्साह इस बात का संकेत था कि अब धनबाद विकास के मुद्दे पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट
Trending News