वेदांता इलेक्ट्रोस्टील में गैस की चपेट में आने से 2 कर्मियों की मौत
बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड के सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है। ब्लास्ट फर्नेस में ड्यूटी के दौरान गैस की चपेट में आने से दो कर्मियों की मौत हो गई।

बोकारो : बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड के सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है। ब्लास्ट फर्नेस में ड्यूटी के दौरान गैस की चपेट में आने से दो कर्मियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल नजदीकी हिल कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों कर्मी गैस का बल्ब खोलने के लिए गोदाम में गए थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ - सहकर्मी अजहरुद्दीन अंसारी
सहकर्मी अजहरुद्दीन अंसारी के अनुसार, दोनों कर्मी गैस का बल्ब खोलने के लिए गोदाम में गए थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। वहीं, स्थानीय पंचायत समिति सदस्य रफीक अंसारी ने प्लांट में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और सियालजोरी में बेहतर अस्पताल निर्माण की मांग की।
प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई
इधर, कंपनी ने भी घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया है। ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्रवक्ता के अनुसार, प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव और बिजनेस पार्टनर के एक इंजीनियर को प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया। कंपनी ने दोनों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी का कहना है कि इस कठिन समय में दोनों परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है।
घटना की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे - कंपनी
कंपनी ने यह भी कहा है कि घटना की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे। वहीं, स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल, हादसे के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













