77 टीमों व 275 पुलिस पदाधिकारियों की एक साथ छापेमारी, 33 आरोपी भेजे गए जेल
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोकारो पुलिस ने एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान में 77 टीमों के साथ कुल 275 पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बोकारो : अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोकारो पुलिस ने एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान में 77 टीमों के साथ कुल 275 पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। छापेमारी के दौरान फरार चल रहे 65 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से 32 के वारंट के विरुद्ध रिकॉल ऑर्डर था। इसके बाद शेष 33 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
SP के आदेश पर यह विशेष अभियान चलाया गया था - मुख्यालय DSP पवन कुमार
इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक (SP) के आदेश पर यह विशेष अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बोकारो पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का उद्देश्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













