NEET विवाद को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री और पीएम से इस्तीफे की मांग तेज
NEET विवाद को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री और पीएम से इस्तीफे की मांग तेज
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के साथ कथित लाठीचार्ज की घटना को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को बोकारो जिला मुख्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग उठाई। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले के विरोध में अपनी मांगें उठा रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका आरोप था कि छात्र केवल शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस कार्रवाई की गई।
राजेश ठाकुर ने दावा किया कि इस घटनाक्रम में एक छात्र की मौत भी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठा रही है और पार्टी नेतृत्व भी देशभर में इसके खिलाफ आवाज बुलंद कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
नोट: खबर में एक छात्र की मौत का दावा कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर द्वारा किया गया है। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि संबंधित प्रशासन या पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Trending News