महिला से सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीना, पिस्टल पेट में सटाकर दी धमकी
बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार के बल पर सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट में सटा दी।

बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार के बल पर सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट में सटा दी और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। वारदात के बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार सुबह की है। पीड़िता यास्मीन निगार सुबह सेक्टर-5 पुस्तकालय मैदान में मॉर्निंग वॉक के लिए गई थीं। वापस लौटने के दौरान बोकारो निवास के पास सेंटर मार्केट की ओर जाने वाले रास्ते में करीब 50 मीटर आगे पहुंचते ही बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
महिला के अनुसार, लाल रंग की पैशन प्रो बाइक पर हेलमेट पहने दो युवक आगे से निकले और करीब 25 मीटर आगे जाकर बाइक रोक दी। इसके बाद एक युवक दौड़कर उनके पास पहुंचा और चेन देने को कहा। महिला ने खुद चेन खोलने की बात कही, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया।
महिला ने शोर मचाते हुए मदद के लिए आवाज लगाई तो बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट में सटा दी और हल्ला करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों अपराधी बाइक से पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद घबराई महिला ने राहगीरों से मदद मांगी। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 और सेक्टर-1 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अपराधियों के आने-जाने और संभावित भागने वाले रास्तों की भी जांच की जा रही है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













