जिला खेल पदाधिकारी पर पति ने लगाया मारपीट का आरोप, सिटी थाने में दिया आवेदन
बोकारो जिले की जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के पति रमेश कुमार ने अपनी पत्नी, सास और उनके ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सिटी थाना में आवेदन दिया है।

बोकारो: जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के पति रमेश कुमार ने अपनी पत्नी, सास और उनके ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सिटी थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने रमेश कुमार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उनके कंधे, हाथ और जांघ पर दांत काटने से जख्म के निशान मिलने की बात कही गई है।
रमेश कुमार के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे उनकी पत्नी ने उनसे पूछा कि उन्होंने ड्राइवर को धमकी क्यों दी। रमेश कुमार ने धमकी देने से इनकार किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी जिला प्रशासन में खेल पदाधिकारी हैं और उन्हें डीसी के स्टेनो अजय यादव का संरक्षण प्राप्त है। उनका दावा है कि इसी वजह से उनकी पत्नी अक्सर आवेश में रहती हैं।
रमेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह सिटी थाना परिसर में मौजूद थे, उसी दौरान हेमलता बुन के रिश्तेदार का फोन आया। उन्होंने कथित तौर पर उन्हें उठा लेने की धमकी दी और कई अन्य धमकी भरी बातें कहीं। पति ने बताया कि वह पहले फौज में थे फौजी की नौकरी छोड़कर वे बच्चों और अपने परिवार को संभालते हैं। लेकिन अब उन्हें पत्नी द्वारा बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा है।
इस मामले में जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन का पक्ष जानने के लिए बार-बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













