कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों व बोनस को लेकर सेल-बीएसएल प्रबंधन व एनजेसीएस नेताओं के खिलाफ मौन जुलूस निकालकर जताया विरोध
बोकारो स्टील प्लांट के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और बोनस को लेकर सेल-बीएसएल प्रबंधन और एनजेसीएस नेताओं के खिलाफ मौन जुलूस निकालकर विरोध जताया।

बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और बोनस को लेकर सेल-बीएसएल प्रबंधन और एनजेसीएस नेताओं के खिलाफ मौन जुलूस निकालकर विरोध जताया। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मी मजदूर मैदान में जुटे और हाथों में काले झंडे लेकर मौन जुलूस के रूप में प्रशासनिक भवन स्थित धरनास्थल तक पहुंचे। इस दौरान नारी शक्ति कर्मियों ने भी आंदोलन की अगुवाई की। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी 45 से अधिक मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इनके समाधान को लेकर प्रबंधन गंभीर नहीं है। वहीं बोनस राशि को लेकर भी एनजेसीएस नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए गए।
प्रदर्शनकारियों ने सेल प्रबंधन पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने और शोषण का आरोप लगाया
प्रदर्शनकारियों ने सेल प्रबंधन पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने और शोषण का आरोप लगाया। यूनियन के महासचिव हरिओम ने कहा कि सेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर इस्पात मंत्रालय और सेल प्रबंधन को कई बार पत्र, फोन और व्यक्तिगत मुलाकात के जरिए जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एनजेसीएस नेताओं पर भी कर्मचारियों के हितों से समझौता करने का आरोप लगाया।
यूनियन अध्यक्ष दिलीप ने बिना यूनियन चुनाव के लिए जा रहे फैसलों का विरोध किया
हरिओम ने बोनस फॉर्मूले को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि वेज रिवीजन एमओयू और एरियर के बाद अब बोनस के मामले में भी कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं हुआ है। वहीं यूनियन अध्यक्ष दिलीप ने बिना यूनियन चुनाव के लिए जा रहे फैसलों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यूनियन चुनाव कराए बिना प्रबंधन की ओर से लिए जा रहे फैसलों की परंपरा को रोका जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान, बोनस से जुड़े मुद्दों पर पुनर्विचार और यूनियन चुनाव कराने की मांग उठाई।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













