सुबह-सुबह सीतामढ़ी में 3 बदमाशों का हाफ एनकाउंटर, सभी जख्मी, हथियार व कारतूस बरामद
बिहार के सीतामढ़ी से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। सीतामढ़ी में सुबह-सुबह एनकाउंटर हुआ है। दिनेश यादव चर्चित हत्याकांड में शामिल तीन अपराधियों का जिला पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है।

सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। सीतामढ़ी में सुबह-सुबह एनकाउंटर हुआ है। दिनेश यादव चर्चित हत्याकांड में शामिल तीन अपराधियों का जिला पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है। ये तीनों गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर भी फायरिंग कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से तीनों जख्मी हो गए। फिर तीनों को दबोच लिया गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से हथियार व कारतूस भी बरामद की है।
25 जुलाई 2026 को हुई थी दिनेश की हत्या
गौरतलब है कि रीगा थाना क्षेत्र के भवदेपुर गुदरी बाजार में सब्जी की खरीदने के दौरान अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्हें करीब सात गोलियां लगी थी। उक्त घटना में संलिप्त अपराधियों की खोज में रीगा थाना पुलिस लगातार हाथ-पैर चला रही थी। इसी बीच, मंगलवात की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दिनेश यादव हत्याकांड के आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर रीगा व अन्य थानों की पुलिस अलर्ट हुई। इसके बाद रिगा थानाध्यक्ष, डीआईयू की टीम और हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी की पुलिस ने रीगा-परसौनी रोड में तीनों अपराधियों की खोज में जुट गई।
पुलिस पर कर दी फायरिंग
पुलिस को रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के समीप एक बाईक पर तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने का प्रयास किए। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई और तीनों गिर गए। तीनों पुलिस से बचने की कोशिश में फायरिंग शुरू कर दिए। पुलिस की जवाबी व आत्मरक्षा में फायरिंग में तीनों अपराधी घायल हो गए। फिर गिरफ्तार कर लिया गया।













