बिना परमिट लकड़ी की ढुलाई पर वन विभाग का शिकंजा, दो पिकअप वैन जब्त
बोकारो में बिना अनुज्ञप्ति पत्र के लकड़ी की ढुलाई करने के मामले में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार शाम करीब 6 बजे चंचली मंदिर के समीप एसएम फैब्रिकेशन रोड स्थित स्टॉक यार्ड मोड़ पर छापेमारी कर दो पिकअप वैन को जब्त किया गया।

बोकारो में बिना अनुज्ञप्ति पत्र के लकड़ी की ढुलाई करने के मामले में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार शाम करीब 6 बजे चंचली मंदिर के समीप एसएम फैब्रिकेशन रोड स्थित स्टॉक यार्ड मोड़ पर छापेमारी कर दो पिकअप वैन को जब्त किया गया। दोनों वाहनों पर लकड़ी लदी हुई थी।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, जब्त लकड़ी बीएसएल के माराफारी स्थित स्टॉक यार्ड की बताई जा रही है, जिसे सोनाटांड़ ले जाया जा रहा था। बिना जरूरी अनुज्ञप्ति के लकड़ी का परिवहन किए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की है।
मामले में लकड़ी के खरीदार संतोष जायसवाल, उनके एजेंट प्रदीप कुमार सिंह और स्टॉक यार्ड माराफारी के पदाधिकारी दिनेश साह सहित बीएसएल के अन्य अज्ञात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छापेमारी दल में प्रधान वनरक्षी रुद्र प्रताप सिंह, रतन राय, रितेश कुमार सहित कुल पांच वनकर्मी शामिल थे। अब विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि लकड़ी के परिवहन में किन-किन लोगों की भूमिका थी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट














