दानापुर के पिंटू मसाला मिल से 4.5 किलो खुला लाल मिर्च पाउडर जब्त, पटना में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
पटना के दानापुर और दीघा क्षेत्र में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। दानापुर कैंट स्थित पिंटू मसाला मिल से 4 किलो 500 ग्राम खुला लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया। तीन अन्य प्रतिष्ठानों को निरीक्षण में पाई गई कमियां दूर करने के निर्देश दिए।

पटना: उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, भंडारण और लाइसेंस संबंधी मानकों की लगातार जांच कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पटना के दानापुर और दीघा क्षेत्र में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। दानापुर कैंट स्थित पिंटू मसाला मिल से 4 किलो 500 ग्राम खुला लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया। तीन अन्य प्रतिष्ठानों को निरीक्षण में पाई गई कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
दानापुर कैंट के हरिया बाजार स्थित पिंटू मसाला मिल में खाद्य संरक्षा अधिकारी द्वारा किये गये जांच के दौरान प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण नहीं मिला। प्रतिष्ठान में खुले लाल मिर्च पाउडर की बिक्री होती पाई गई। अधिकारियों ने 1,260 रुपये मूल्य का 4 किलो 500 ग्राम लाल मिर्च पाउडर जब्त किया और गुणवत्ता जांच के लिए उसका नमूना लिया, जिसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया।
खाद्य संरक्षा के अभिहित पदाधिकारी, पटना के कार्यालय ने प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का समय दिया है। सुधार का प्रमाण 15वें दिन संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। प्रमाण प्रत्र प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में अनुज्ञप्ति रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।
दीघा के गार्डेन घी दुकान की हुई जांच
वहीं दीघा के दुर्गा मंदिर स्थित गार्डेन घी दुकान में निरीक्षण के कर्म में प्रतिष्ठान की साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। प्रतिष्ठान को कार्यस्थल की सफाई और भंडारण व्यवस्था सुधारने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने तथा काम के दौरान मास्क, एप्रन, दस्ताने और कैप का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पंजीकरण विवरण प्रदर्शित करने के लिए बोर्ड लगाने को भी कहा गया।
दानापुर के श्री निवास हेल्थकेयर फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड में भी की गई जांच
थोक एवं खुदरा खाद्य कारोबार करने वाले श्री निवास हेल्थकेयर फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड प्रतिष्ठान में रखरखाव और भंडारण व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। भंडारण स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। प्रतिष्ठान को रखरखाव सुधारने और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, खुले मसालों की बिक्री पर रोक लगाई गई।
दीघा के जुबिलेंट फूडवर्क्स (डोमिनोज़ पिज्जा) में भी की गई जांच
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के भंडारण व्यवस्था में कमियां मिलीं। प्रतिष्ठान को चार दिनों के भीतर रखरखाव की स्थिति सुधार करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण प्रतिवेदन में निर्देशों का पालन न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
स्वास्थ्य विभाग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण से जुड़ी कमियों को दूर करा रहा है। नमूना संग्रह और समयबद्ध सुधार के निर्देशों के माध्यम से विभाग खाद्य संरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कर रहा है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो।
पटना से सौरभ चौहान की रिपोर्ट















