स्मार्ट क्लास में विद्यार्थियों का डांस, हेडमास्टर व अन्य कर्मियों पर कार्रवाई की अनुशंसा
राज्य के गया जिले के वजीरगंज स्थित स्कूल में स्मार्ट क्लास में विद्यार्थियों के डांस करने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दिया है। इस मामले में हेडमास्टर व अन्य कर्मियों पर विभागीय गाज गिरी है।

पटना: राज्य के गया जिले के वजीरगंज स्थित स्कूल में स्मार्ट क्लास में विद्यार्थियों के डांस करने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दिया है। इस मामले में हेडमास्टर व अन्य कर्मियों पर विभागीय गाज गिरी है। विभाग ने इस खबर के सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गया जिले के वजीरगंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जमुआंवा के स्मार्ट क्लास में विद्यार्थियों के डांस करने का वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में टीवी पर चल रहे गाने पर डांस करते हुए देखा जा सकता था। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। अब इसी मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में जांच के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य कर्मियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में 21 सितम्बर को मध्यान्तर के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्मार्ट क्लास में गाने पर नृत्य किए जाने की पुष्टि हुई है। जांच में विद्यालय के कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा आपस में राजनीति करने, निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक से अभद्र व्यवहार करने, शैक्षणिक कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने की बातें भी सामने आई हैं।
मामले में प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को जांच के लिए कहा गया था। वजीरगंज के बीईओ को भी स्थलीय जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था।










