'खान सर ने रची साजिश' कोचिंग विवाद पर रौशन आनंद का बड़ा बयान, कहा-ज्ञान बिंदु को बर्बाद करना चाहते हैं
पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमले के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए जाने के बाद रौशन आनंद की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमले के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए जाने के बाद रौशन आनंद की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में उनके संस्थान को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। रौशन आनंद ने कहा कि घटना के दौरान किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई है।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में उनके संस्थान को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई है। रोशन आनंद ने दावा किया कि मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार पुलिस की भर्ती परीक्षाओं में ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। रौशन आनंद के अनुसार, इसी वजह से उनके संस्थान को निशाना बनाया जा रहा है। रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि खान सर और उनकी टीम ज्ञान बिंदु कोचिंग की छवि खराब करने और संस्थान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर कथित पथराव और मारपीट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक शिक्षक और दो अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं। तीनों से विशेष टीम पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
कोचिंग में घटना को लेकर खान सर ने दावा किया कि जब हमला हुआ, उस समय वह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने अपनी आंखों से 8 से 10 राउंड गोलियां चलते देखीं। इस दौरान संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। घटना के बाद मीडिया से बातचीत में खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों को उनके कम फीस और बेहतर परिणामों से परेशानी है।
हालांकि बाद में पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किए जाने और प्रारंभिक जांच के बाद खान सर ने अपने पहले बयान में कुछ नरमी दिखाई। उन्होंने कहा कि घटना के समय स्थिति काफी तनावपूर्ण थी और स्पष्ट रूप से कुछ समझ नहीं आ रहा था। उनके अनुसार घायल गार्ड ने भी केवल इतना बताया कि कुछ लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की। खान सर ने गोलीबारी की बात से पलटी मार दी।
वहीं पटना पुलिस की ओर से खान सर के कोचिंग सेंटर हुए हमले को लेकर बयान जारी किया गया है। इसके अनुसार, पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में सोमवार रात करीब 10:10 बजे कुछ लोगों द्वारा ईंट-पत्थर फेंकने और तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई। नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय (पटना) द्वारा जारी बयान के अनुसार, आसपास के लोगों से पूछताछ और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच में पता चला है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों ने कथित तौर पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है।