पुलिस को देख स्कॉर्पियो छोड भागा धंधेबाज, भारी मात्रा में शराब बरामद
राज्य में शराब बंदी है। शराब के सेवन और व्यापार पर पूर्ण रूप से पाबंदी है बावजूद धंधेबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला सीवान जिले से है। जहां पुलिस ने अवैध शराब की एक बडी खेप को बरामद किया है। धंधेबाज पुलिस को देखकर फरार हो गया। अब पुलिस जांच में जुटी हुई है। मामला गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र का है।
मिली खबर के अनुसार बताया जा रहा है कि गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो से शराब की बड़ी खेप सीवान की तरफ से आने वाली है। जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस को पास आता देख स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो की तलाशी करनी शुरू कर दी। स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया गया। कुल 682.88 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस ने स्कॉर्पियो और शराब को कब्जे में लेकर तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
इधर पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की तह तक जांच होगी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी सख्ती के बाद भी इलाके में शराब का अवैध धंधा कौन कर रहा है। पुलिस अपने सूत्रों के माध्यम से इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Trending News