महाराजगंज रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों पर उठे सवाल, विधायक ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
सिवान के महाराजगंज रेलवे स्टेशन पर आज रेलवे के बड़े अधिकारियों का काफिला पहुंचा। जीएम और डीआरएम समेत कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी स्टेशन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लेने पहुंचे।

सिवान : सिवान के महाराजगंज रेलवे स्टेशन पर आज रेलवे के बड़े अधिकारियों का काफिला पहुंचा। जीएम और डीआरएम समेत कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी स्टेशन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और विधायक हेमनारायण साह भी मौके पर मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में चल रहे अलग-अलग विकास कार्यों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई और मौके पर काम की स्थिति का भी जायजा लिया गया। लेकिन निरीक्षण खत्म होने के बाद मामला उस वक्त गरमा गया, जब मीडिया ने महाराजगंज के विधायक हेमनारायण साह से स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को लेकर सवाल किया।
MLA हेमनारायण साह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की
विधायक हेमनारायण साह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। विधायक का आरोप है कि स्टेशन पर हुए और चल रहे निर्माण कार्यों में इस्तेमाल की जा रही ईंट, गिट्टी समेत अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं है। विधायक हेमनारायण साह ने कहा कि विकास कार्य ऐसा होना चाहिए जो मजबूत, टिकाऊ और बेहतर गुणवत्ता वाला हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महाराजगंज में विकास के नाम पर ऐसा काम स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिसमें निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हों।
यह मामला मौके पर मौजूद रेलवे के जीएम के सामने भी उठाया है - MLA
विधायक के मुताबिक, उन्होंने यह मामला मौके पर मौजूद रेलवे के जीएम के सामने भी उठाया है। साथ ही उन्होंने अपनी शिकायत रेल मंत्री तक पहुंचाए जाने की बात कही। विधायक की मांग है कि महाराजगंज रेलवे स्टेशन पर हुए और वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी तरह की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जांच होती है या नहीं।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट













