सीएसपी लू्टकांड मामला, पुलिस ने आरोपी फेकन का किया हाफ एनकाउंटर
राज्य के सीतामढ़ी जिले से बडी खबर है। यहां पुलिस ने लूटकांड के आरोपी का एनकाउंटर किया है। घटना बीती रात की है। दरअसल जिले में एक सीएसपी में लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने इसी मामले से जुडे मुख्य आरोपी का एनकाउंटर किया है। घटना में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को यह सूचना मिली थी कि जिले के रीगा थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक से की गयी लूटकांड में शामिल बदमाश किसी बडी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। दरअसल दो दिन पहले ही एक सीएसपी संचालक से हथियार के दम पर लूटेरों ने करीब डेढ लाख रूपये की लूट की थी। मामले की पडताल के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की।
इधर एनकाउंटर के बारे में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने जब अपनी कार्रवाई की और परसौनी थाना क्षेत्र में घेराबंदी की, तब इस लू्टकांड का मुख्य आरोपी फेकन महतो अपनी बाइक से भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने पुलिस के ऊपर गोली भी चलायी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग की। जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी फेकन कुमार, फेंकन कुमार 2 उर्फ चंदन कुमार, लड्डू कुमार, अविनाश कुमार और कमलेश कुमार समेत कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
अब तक की प्रारंभिक जांच में मुख्य आरोपी की कई लूट, डकैती और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
सीतामढी से अमित की रिपोर्ट
Trending News