फोन आने पर घर से निकला युवक, दो दिन बाद नहर से मिली लाश
रोहतास जिले के सोन नहर से सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे पर चोट के कई गंभीर निशान मिले हैं और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। घटना डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हदहदवा पुल के समीप की है, जहां मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के रुद्रपूरा गांव निवासी स्वर्गीय देव मुनि सिंह के 27 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार विकास बीते शनिवार की शाम करीब आठ बजे एक फोन आने पर घर से निकला था। उसने मां को बताया कि 10 मिनट में वह फोरलेन पर किसी से मुलाकात कर आ रहा है, लेकिन विकास पूरी रात नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने रिश्तेदार एवं जान पहचान वाले लोगों के पास भी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। अगले दिन भी परिजनों ने विकास की पूरे दिन तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली तो डेहरी मुफस्सिल थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी क्रम में सोमवार को जब डेहरी हदहदवा पुल के समीप एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली तो घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों से उसकी पहचान की। परिजनों के अनुसार मृत युवक का चेहरा बुरी तरह चोटिल था, जिसके कारण कपड़ों से उसकी पहचान हुई है।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इनके अनुसार विकास की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और सीधा-साधा लड़का नशे से भी दूर रहता था। उनका कहना है कि युवक को बुरी तरह मारने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा है। वहीं घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची डेहरी मुफस्सिल थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी से रिपोर्ट
Trending News