शराब लदी कार सड़क किनारे गड्ढे में पलटी, बोतलों को लूट ले गए लोग, वायरल हुआ वीडियो
दलसिंहसराय से सनसनीखेज खबर है। यहां शराब से लदी अनियंत्रित कार पलट गयी। हादसे के बाद कार में लदी शराब को लूट कर ले जाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

समस्तीपुर: जिले के दलसिंहसराय से सनसनीखेज खबर है। यहां शराब से लदी अनियंत्रित कार पलट गयी। हादसे के बाद कार में लदी शराब को लूट कर ले जाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि स्वाराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मिली खबर के अनुसार समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में रविवार को बारिश के दौरान शराब लदी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा नेशनल हाईवे-28 स्थित पगड़ा चौक के पास हुआ। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि कार बरौनी की ओर से आ रही थी। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने के चलते चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के कुछ देर बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कार से शराब की गंध आने पर वहां मौजूद लोगों को पता चला कि वाहन में शराब लदी हुई है। इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग कार के पास जुट गए और शराब की बोतलें निकालकर ले जाने लगे।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करीब 25-30 लोग दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब की फ्रूटी पैक बोतलें निकालते दिखाई दे रहे हैं। कोई दोनों हाथों में बोतलें लेकर भाग रहा है तो कोई गमछे में बोतलें भरकर ले जाता नजर आ रहा है। कुछ लोग कीचड़ में फिसलकर गिरते भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग दोबारा कार तक पहुंचकर बोतलें निकालते रहे। बताया जाता है कि सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने जब वहां मौजूद युवक से कार में सामान के बारे में पूछा तो उसने कार में शराब होने की बात बताई। इसके बाद आसपास मौजूद अन्य लोग भी कार की ओर दौड़ पड़े और शराब की बोतलें निकालने लगे।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कार में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस कार के चालक और उसमें सवार लोगों की पहचान के साथ-साथ शराब की बरामदगी को लेकर भी कार्रवाई कर सकती है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट










