सफाई कर्मियों ने 8 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान
जिले के सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यरत सफाइ कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आठ सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।

सहरसा: जिले के सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यरत सफाइ कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आठ सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सफाई कर्मियों ने कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन सौंपने के दौरान कर्मियों ने नगर अध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी एवं सफाई एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संगठन के अध्यक्ष कुसाग्र कुमार गब्बर ने बताया कि सफाई कर्मियों की विभिन्न समस्याओं और सफाई एजेंसी की कथित मनमानी को लेकर संगठन ने हड़ताल का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जब तक सफाई कर्मियों की मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपे आवेदन में कर्मियों ने रिक्त पदों के विरुद्ध दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मियों की नियुक्ति, समय पर मानदेय का भुगतान, बिहार गजट में निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार मजदूरी देने, समय पर सफाई एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की मांग की है।
इसके अलावा करीब डेढ़ माह पूर्व कार्य से हटाए गए 40 मजदूरों को पुनः काम पर रखने की मांग भी की गई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक सभी सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर बिनोद मल्लिक, समीर, अमीर, माधव सिंह, अशोक, सुभाष, रितेश, चन्द्रेश्वरी, सनोज, जगदीश, महेंद्र, विजय, प्रमोद समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद थे।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










