आसान होगा सफर, 25 सितंबर से दिल्ली सहित पांच राज्यों के लिए चलेंगी 100 से अधिक त्योहारी बसें
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बिहार सरकार ने इस बार बड़ी पहल की है। ताकि आप्रवासियों को घर लौटने में कोई समस्या नहीं हो। राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी व्यवस्था की है।

पटना: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बिहार सरकार ने इस बार बड़ी पहल की है। ताकि आप्रवासियों को घर लौटने में कोई समस्या नहीं हो। राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी व्यवस्था की है। निगम बिहार से अन्य राज्यों के लिए 100 से अधिक त्योहारी बसों का परिचालन 25 सितंबर से शुरू करेगा। यह बसें डिलक्स एसी नॉन-सीटर, एसी सीटर और एसी स्लीपर श्रेणी की होंगी। प्रत्येक बस में 40 से अधिक यात्रियों को आरामदायक सफर करने का अनुभव मिलेगा। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व तक बसों का नियमित परिचालन होगा, ताकि त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को किफायती, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सके।
निगम के अनुसार, त्योहारी सीजन में बिहार से पांच राज्यों दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए विशेष डिलक्स बसें चलाई जाएंगी। बिहार से ये बसें पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, गयाजी और भागलपुर जिलों से प्रस्थान करेंगी। निगम ने विभिन्न मार्गों के लिए किराया भी जारी किया है।
- पटना से कोलकाता: नॉन-एसी सीटर का किराया 939 रुपये, एसी सीटर 874 रुपये और एसी स्लीपर 1143 रुपये है।
- गयाजी से कोलकाता: नॉन-एसी सीटर 776 रुपये, एसी सीटर एवं एसी स्लीपर का किराया- 945 रुपये
- पटना से गाजियाबाद: नॉन-एसी सीटर 1544 रुपये, एसी सीटर 1896 रुपये और एसी स्लीपर 2823 रुपये
- पटना से वाराणसी: नॉन-एसी सीटर मात्र 435 रुपये, एसी सीटर 531 रुपये तथा एसी स्लीपर 601 रुपये
- पटना से पानीपत: नॉन-एसी सीटर 1483 रुपये, एसी सीटर 1811 रुपये और एसी स्लीपर 2727 रुपये
- पटना से रांची: नॉन-एसी सीटर 567 रुपये, एसी सीटर तथा एसी स्लीपर 690 रुपये
- किशनगंज से दिल्ली: नॉन-एसी सीटर का किराया 2011 रुपये, एसी सीटर 2463 रुपये और एसी स्लीपर 3375 रुपये
- पटना से सिलीगुड़ी: नॉन-एसी सीटर 752 रुपये, एसी सीटर 915 रुपये तथा एसी स्लीपर भी 915 रुपये
- गयाजी से अंबाला: नॉन-एसी सीटर 1633 रुपये, एसी सीटर 1991 रुपये और एसी स्लीपर 2947 रुपये
- मधुबनी से गुरुग्राम: नॉन-एसी सीटर 1473 रुपये, एसी सीटर 1800 रुपये तथा एसी स्लीपर 2568 रुपये निर्धारित किया गया है।
टिकट बुकिंग निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर होगी। साथ ही अतिरिक्त जानकारी या सहायता के लिए निगम ने टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 भी जारी किया है।










