रौशन आनंद की रिहाई को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र, अब खान सर होंगे गिरफ्तार? दोनों बॉडीगार्ड का हथियार जब्त

ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर की रिहाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उनके इंस्टीट्यूट के बाहर सड़क पर जमा हो गए। उन्होंने शहर में नारेबाजी करते हुए मार्च भी निकाला।

रौशन आनंद की रिहाई को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र, अब खान सर होंगे गिरफ्तार? दोनों बॉडीगार्ड का हथियार जब्त
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 04, 2026, 6:55:00 PM

खान सर कोचिंग फायरिंग मामले में खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया है। खान सर के दोनों बॉडीगार्ड ने पुलिस पूछताछ में फायरिंग करने की बात कबूल की है। जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। बॉडीगार्ड के बयान के बाद अब खान सर उर्फ फैजल खान को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। इस बीच ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर की रिहाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उनके इंस्टीट्यूट के बाहर सड़क पर जमा हो गए। उन्होंने शहर में नारेबाजी करते हुए मार्च भी निकाला।

ज्ञान बिंदु के डारेक्टर रौशन आनंद की रिहाई के लिए छात्र सड़क पर उतरे हैं। शाम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उनके इंस्टीट्यूट के बाहर सड़क पर जमा हो गए। कोचिंग से कारगिल चौक तक मार्च निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें 5 हजार से ज्यादा छात्र शामिल हैं। करगिल चौक पर कोचिंग के छात्रों का विशाल प्रदर्शन हुआ है। ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर की रिहाई की मांग को लेकर हजारों छात्र सड़क पर उतर गए हैं।  

खान सर के दोनों बॉडीगार्ड ने पुलिस पूछताछ में फायरिंग करने की बात कबूल की है। दोनों ने कहा कि मंगलवार रात को कोचिंग सेंटर पर हुए पथराव के बाद बचाव में उन्होंने गोली चलाई थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों को कल सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। दोनों गार्ड्स के हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं और उनके लाइसेंस का वेरिफिकेशन कराया जा रहा है। ज्ञान बिंदु की ओर से खान सर के गार्ड द्वारा फायरिंग करते एक वीडियो जारी किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें उठाया। अब सवाल उठ रहा है कि इस मामले में क्या खान सर भी गिरफ्तार होंगे ?

बता दें कि रौशन सर को पुलिस ने कल यानी बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मंगलवार देर रात खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई तोड़फोड़ और गार्ड से मारपीट के बाद रौशन आनंद समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उनके दो अन्य साथियों को भी जेल भेजा गया है। वहीं कोचिंग फायरिंग मामले में चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फायरिंग मामले में गिरफ्तार दोनों गार्डों से पूछताछ के दौरान अहम जानकारियां सामने आई हैं। बॉडीगार्ड के बयान के बाद अब खान सर उर्फ फैजल खान को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। अब जांच की आंच सीधे खान सर उर्फ फैजल खान तक पहुंचती दिखाई दे रही है। पुलिस ने खान सर से कोचिंग सेंटर जाकर पूछताछ भी की। 

बता दें कि इस पूरे मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों की पहचान अभिषेक और गौरव के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने भी मीडिया के सामने फायरिंग की बात को खारिज किया था। उनका कहना था कि घटना वाली रात कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप भी निराधार हैं। उन्होंने खान सर पर साजिश करने का आरोप लगाया है।