भ्रष्ट इंजीनियर पर निगरानी का बड़ा एक्शन, अजीत दास के ठिकानों पर 6 जिलों में एक साथ छापेमारी
बिहार में भ्रष्ट इंजीनियर पर निगरानी का बड़ा एक्शन जारी है। ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर अजीत कुमार दास के ठिकानों पर छह जिलों में एक साथ छापेमारी चल रही है। करीब 1.52 करोड़ रुपए से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का आरोप है।

पटना : बिहार में भ्रष्ट इंजीनियर पर निगरानी का बड़ा एक्शन जारी है। ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर अजीत कुमार दास के ठिकानों पर छह जिलों में एक साथ छापेमारी चल रही है। करीब 1.52 करोड़ रुपए से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का आरोप है। पत्नी और परिजनों के नाम पर 16 अचल संपत्तियों का खुलासा, सिलीगुड़ी में 92 डिसमिल जमीन के 10 डीड बरामद, जिसकी कीमत 10 करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। पटना के दो फ्लैट, बैंक, शेयर और एलआईसी निवेश के दस्तावेज भी मिले। निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। दस्तावेजों की जांच जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना में विशेष न्यायालय के सर्च वारंट पर यह कार्रवाई की गई
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना में कांड संख्या 137/26 दर्ज कर विशेष न्यायालय के सर्च वारंट पर यह कार्रवाई की गई। वर्ष 2013 से 2026 तक की आय और संपत्ति जांच के दायरे में है। विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने बिहार के पटना, भागलपुर/नवगछिया, कटिहार, सासाराम और मुंगेर (ग्रामीण कार्य विभाग कार्यालय) और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित ठिकानों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान जमीन के डीड और संपत्ति से जुड़े अन्य दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। अजीत कुमार दास कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे और सासाराम में पदस्थापित बताए जा रहे हैं।















