बिहार में गर्मी लगातार अपना असर दिखा रही है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा, जबकि तापमान में धीरे-धीरे और वृद्धि होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 17 अप्रैल को सीमांचल क्षेत्र के कुछ जिलों; अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। हालांकि यह राहत अल्पकालिक होगी, क्योंकि 18 अप्रैल से गर्मी और अधिक तीव्र होने का अनुमान जताया गया है।
दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में लू का खतरा बढ़ने वाला है। बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और राजधानी पटना जैसे इलाकों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।
तापमान के हालिया आंकड़ों पर नजर डालें तो मंगलवार को पटना में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कैमूर जिले में पारा 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान सीवान जिले के जीरादेई में 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा, वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, फारबिसगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले तीन से चार दिनों में पारे में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और इजाफा हो सकता है, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा। स्थिति को देखते हुए लोगों को दिन के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है, ताकि लू के प्रभाव से बचा जा सके।