नेपाल में जल सैलाब, तेजस्वी ने कहा, सचेत और सतर्क रहे राज्य सरकार
पडोसी देश नेपाल में आये जल सैलाब और वहां मचे हाहाकार के बाद बिहार में राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी बयान सामने आया है।

पडोसी देश नेपाल में आये जल सैलाब और वहां मचे हाहाकार के बाद बिहार में राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। राज्य सरकार के सभी विभाग और सीएम पल पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। इसी बीच में अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी बयान सामने आया है। तेजस्वी ने कहा है कि सरकार को सचेत और सतर्क रहना चाहिए।
बुधवार को नेपाल में फ़्लैश फ्लड से हुए जान माल के नुक़सान और बिहार में संभावित ख़तरे को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बयान जारी किया। तेजस्वी ने कहा कि नेपाल में आकस्मिक बाढ़ के कारण बिहार में जलप्रवाह बढ़ने की संभावना के मद्देनजर संबंधित तटवर्ती जिलों के संवेदनशील व प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सजग एवं विशेषकर बिहार सरकार को सचेत व सतर्क रहना होगा।
प्रशासन को किसी भी प्रतिकूल आपात परिस्थिति और खतरे से निपटने के लिए लगातार निगरानी तथा राहत-बचाव कार्यों के अलावा सभी जरूरी प्रशासनिक व तकनीकी तैयारियां रखनी चाहिए। सरकार बांध एवं तटबंधों की 24*7 निगरानी रख उनकी मजबूती एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें।
पार्टी कार्यकर्ताओं से हमारा आग्रह है कि विशेषकर गंडक नदी से जुड़े जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली के स्थानीय लोगों को आवश्यक सूचना और चेतावनी देकर जागरूक करते रहें।










