राजधानी में युवक के कथित अपहरण को लेकर बवाल, लोगों ने की आगजनी
राजधानी से बड़ी खबर है। राजधानी के करबिगहिया इलाके में एक युवक के कथित अपहरण से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने सड़क को जाम कर दिया और जमकर बवाल काटा। इस दौरान सडक पर आगजनी भी की गयी, जिससे पूरा यातायात प्रभावित हो गया।
मिली खबर के अनुसार राजधानी के कोतवाली थाना अंतर्गत न्यू मार्केट इलाके में बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पटना स्टेशन से सटे करबिगहिया इलाके में लोगों ने सडक पर उतर कर आगजनी की और सड़क जाम कर दी। जिससे देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पटरी से उतर गया। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पटना जंक्शन के पास दुकान चलाने वाली बंटी कुमार बीते सोमवार को एक दूसरी दूकान पर दही खरीदने गए थे। इसी दौरान वहां कुछ अन्य युवक पहुंचे। उन्होंने बंटी के साथ मारपीट की। यह भी आरोप है कि मारपीट करने वाले युवकों ने बंटी को जबरदस्ती एक वाहन में बैठाया और अपने साथ लेकर के चले गए।
इधर बंटी के कथित अपहरण की बात सुनकर परिजनों में दहशत फैल गयी। मिली खबर के अनुसार बंटी के परिजनों ने राजधानी के कोतवाली थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि बंटी की बरामदगी के लिए पुलिस ने शहर के कई स्थानों पर छापेमारी भी कि लेकिन अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है और अब तक बंटी की बरामदगी नहीं हो सकी है।
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू की जांच की जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने राजधानी के ही कच्ची दरगाह निवासी एक ऑटो चालक रोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। पूछताछ के आधार पर पुलिस के द्वारा कई जगहों पर छापेमारी भी की गयी है। इसके अलावा पुलिस कई अन्य पहलूओं पर भी कार्य कर रही है। बंटी की बरामदगी को लेकर ही बुधवार को लोगो के सब्र का बांध टूट गया और लोग सडक पर उतर गये।
Trending News