बिहार में मौसम का यू-टर्न, 20 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी

बिहार में मौसम का यू-टर्न, 20 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी

बिहार में मौसम का यू-टर्न, 20 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: May 15, 2026, 2:20:00 PM

बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में 20 मई तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक राजधानी पटना सहित अनेक जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि उत्तर और दक्षिण बिहार के करीब 14 जिलों के लिए विशेष सतर्कता जारी की गई है।

मौसम विभाग ने जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर समेत कई इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकारियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से भरी पूर्वी हवाएं राज्य के मौसम को प्रभावित कर रही हैं, जिसके कारण बारिश और बादलों की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं।

गुरुवार को भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पटना समेत विभिन्न जिलों में हुई वर्षा के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। बांका जिले के शंभूगंज क्षेत्र में सबसे अधिक 54.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

राजधानी पटना में अधिकतम तापमान गिरकर 33.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.7 डिग्री कम रहा। वहीं कैमूर जिले का भभुआ 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से बचने और वज्रपात के समय सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है।