भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: पीडित परिवार से मिले चिराग, हिम्मत रखने का दिलाया भरोसा
भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड बिलौटी गांव में हुए भरत भूषण तिवारी का मामला राजनीति का केंद्र बना हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भरत तिवारी के तस्वीर पर फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना जताई। मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की मां आशा देवी भावुक हो गईं और रोने लगीं। चिराग ने उन्हें सांत्वना दी, उनके आंसू पोंछे और परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिलाया। इस भावुक पल के दौरान परिवार के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
वहीं मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी स्तर पर अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले में जिन अधिकारियों और लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरे प्रकरण को वह मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएंगे और आरोपित सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। 1400 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि भरत तिवारी के पास वास्तव में कोई साक्ष्य थे, तो उनकी भी निष्पक्ष और गहन जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों द्वारा जताई जा रही आशंकाओं और आरोपों की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
पटना से आभा की रिपोर्ट
Trending News